CM धामी ने हल्द्वानी नगर निगम के उत्कृष्ट योगदान के लिए नगर आयुक्त ऋचा सिंह और महापौर गजराज बिष्ट को सम्मानित किया।
हल्द्वानी। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत हल्द्वानी नगर निगम द्वारा संचालित व्यापक स्वच्छता अभियान ने प्रदेशभर में वाहवाही बटोरी है। “1 दिन, 1 घंटा, श्रमदान” की थीम के तहत 1,32,400 नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ ली और नगर निगम ने एक नई मिसाल कायम की।

इस उपलब्धि के लिए आज देहरादून स्थित शहरी विकास निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त ऋचा सिंह और महापौर गजराज बिष्ट को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी नगर निगम ने जिस तरह आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। यह अभियान न केवल सामाजिक संदेश है, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी की मिसाल भी है।

स्वच्छता पखवाड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से शुरू होकर महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक पूरे प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान, जन जागरूकता कार्यक्रम और श्रमदान गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
