देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवारों को मदद राशि देते भाजपा नेता रामशरण नौटियाल
देहरादून। उत्तराखंड में आई भीषण आपदा ने पहाड़ के लोगों का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कों के टूटने से लेकर घर, मवेशी, खेत-खलिहान और रोजगार के साधन तक इस तबाही की भेंट चढ़ चुके हैं। आपदा के कारण कई लोगों की जान भी जा चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

ऐसे कठिन समय में उत्तराखंड के लाल और बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल और उनका परिवार मददगार बनकर सामने आया है। जुबिन के पिता और भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र के कार्लीगाड़ और मझाड़ा गांव में आपदा प्रभावित परिवारों को सहयोग राशि प्रदान की। यह मदद चेक के रूप में दी गई।
मदद राशि देने के साथ ही भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने आपदा पीड़ितों का दुख-दर्द भी बांटा। इसी दौरान स्थानीय निवासी मोहर सिंह ने अपने दर्दनाक अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि आपदा के सैलाब में उनका 20 वर्षीय बेटा उनकी आंखों के सामने दलदल में डूब गया। यह सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।

रामशरण नौटियाल ने गमगीन आंखों से पीड़ित पिता को सांत्वना दी और उन्हें सहारा दिया। नौटियाल परिवार का यह सहयोग और संवेदनशील पहल आपदा प्रभावितों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
