मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास पर नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिलकर काम करने के निर्देश दिए, ताकि इस ऐतिहासिक यात्रा को भव्य और सफल बनाया जा सके।

श्रद्धालुओं की सुविधाएं होंगी प्राथमिकता
सीएम धामी ने कहा कि इस बार यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और शौचालय की व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पिछली यात्रा के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार बेहतर इंतजाम किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत न हो।

लोककला के रंगों से सजेगा यात्रा मार्ग
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि नंदा देवी राजजात से जुड़ी लोककथाएं और लोकगीतों पर आधारित चित्रों को यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पेंटिंग के रूप में उकेरा जाए। इससे श्रद्धालु और पर्यटक दोनों यात्रा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से रूबरू हो सकेंगे।
पार्किंग और यातायात पर भी विशेष ध्यान
यात्रा के दौरान पार्किंग स्थलों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यातायात की सुचारु व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय रहें, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की समस्या न आए।
