जीएसटी दरों में कमी पर जनता से संवाद करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। देहरादून के पटेलनगर में आज ‘जीएसटी बचत उत्सव‘ का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। उन्होंने आम लोगों और व्यापारियों से सीधे बातचीत कर जीएसटी की नई दरों पर उनकी राय जानी।

सीएम धामी बोले- सस्ती होंगी चीजें, बढ़ेगा कारोबार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आर्थिक सुधारों की नई शुरुआत हुई है। जीएसटी दरों में कमी से आम जनता को रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती मिलेंगी और कारोबारियों को भी बिक्री बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

व्यापारियों से किया ये खास आग्रह
सीएम धामी ने व्यापारियों से अपील की कि वे ग्राहकों को घटे हुए जीएसटी दरों की पूरी जानकारी दें। इससे लोग ज्यादा से ज्यादा लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की भी अपील की, ताकि प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके।
नवरात्रि पर बाजार में उत्साह, दीपावली पर आएगी रौनक
कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों और आम लोगों ने कहा कि नवरात्रि पर्व पर जीएसटी दरों में कमी की यह शुरुआत बाजार में नई रौनक लेकर आई है। आने वाले दिनों में, खासकर दीपावली पर, इसका असर साफ दिखाई देगा।
कार्यक्रम में ये लोग भी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला और भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
