कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में गांधी पार्क में धरना देते कांग्रेसी नेता
देहरादून। उत्तराखंड में पेपर लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने देहरादून के गांधी पार्क में धरना दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पेपर लीक मामले ने बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। ऐसे में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और इस मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करेगी।

युवाओं की लड़ाई को मिलेगा कांग्रेस का साथ
कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि बेरोजगार युवाओं की मांगें जायज हैं और कांग्रेस उनकी लड़ाई को पूर्ण समर्थन देगी। उन्होंने साफ किया कि “पेपर छोड़, गद्दी छोड़” का नारा इस आंदोलन की पहचान बनेगा।

3 अक्टूबर को सीएम आवास का घेराव
कांग्रेस ने एलान किया है कि 3 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इसके बाद आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में तेज किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार अगर जल्द कार्रवाई नहीं करती, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा।
