55 करोड़ की लागत से गदरपुर-दिनेशपुर-मटकोटा-हल्द्वानी सड़क पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से 55 करोड़ की लागत वाली गदरपुर-दिनेशपुर-मटकोटा-हल्द्वानी मोटर मार्ग पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण परियोजना का शिलान्यास किया। यह परियोजना केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत पूरी होगी।

सुगम आवागमन और आर्थिक विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस सड़क के बन जाने से तराई क्षेत्र के करीब 2 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। स्थानीय व्यापारियों, किसानों, उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों और पर्यटकों के लिए यह सड़क सुरक्षित और तेज आवागमन का मार्ग बनेगी। यह सड़क गदरपुर, दिनेशपुर, मटकोटा, छतरपुर के साथ उत्तर प्रदेश के विलासपुर को भी जोड़ेगी, जिससे व्यापार और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

राज्य में सड़क कनेक्टिविटी को नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण प्राकृतिक आपदाओं से सड़कों को भारी नुकसान होता है। लेकिन डबल इंजन की सरकार युद्धस्तर पर काम कर सड़कों को दुरुस्त कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमांत इलाकों तक भी सड़कों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।
अन्य विकास परियोजनाओं पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना से तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई समस्या का समाधान किया जा रहा है। खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का निर्माण तेजी से हो रहा है, जो पूरे क्षेत्र में उद्योग और रोजगार के नए अवसर खोलेगा। इसके अलावा, मानसखण्ड के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान और सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिससे राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
इन जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोड़ा, भाजपा के प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
