देहरादून में साप्ताहिक समाचार पत्र के विमोचन कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। देहरादून में आयोजित एक साप्ताहिक समाचार पत्र के विमोचन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड के युवाओं को रोजगार और भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर कई अहम बातें साझा कीं।

25 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि 4 जुलाई 2021 को जब उन्होंने मुख्य सेवक के रूप में कार्यभार संभाला, तब राज्य में करीब 22 हजार सरकारी पद खाली थे। सरकार के प्रयासों से अब तक 25 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है, और इनमें से किसी भी भर्ती परीक्षा में नकल का मामला सामने नहीं आया।

नकल माफिया पर सरकार की सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कुछ लोग भर्ती प्रक्रिया को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने पारदर्शिता और सख्त नकल विरोधी कानूनों के जरिए नकल माफिया की हर साजिश को नाकाम किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि नकल माफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
आपदा प्रभावितों के साथ सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पूरा हिमालयी क्षेत्र आपदा से प्रभावित हुआ है। उनकी प्राथमिकता हमेशा रही है कि वे आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचकर उनका दुख-दर्द बांटें और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी करें। सरकार वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से आपदा की पूर्व सूचना और नुकसान को कम करने की दिशा में काम कर रही है।
कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रमुख सचिव डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, प्रो. सुरेखा डंगवाल, प्रो. दुर्गेश पंत और वरिष्ठ पत्रकार पवन लालचंद समेत कई लोग मौजूद रहे।
