सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर किया लॉन्च
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास से 2 नवंबर 2025 को प्रस्तावित आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) का फ्लैग ऑफ किया और इसका लोगो लॉन्च किया। यह आयोजन उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यास घाटी में आयोजित होने वाली यह मैराथन न सिर्फ खेल प्रतियोगिता होगी, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए सम्मान, पहचान और रोजगार का नया अवसर भी बनेगी। इस आयोजन से स्थानीय होम-स्टे व्यवसाय, साहसिक पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

वाइब्रेंट विलेज योजना को मिलेगा बल
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू की गई वाइब्रेंट विलेज योजना को बढ़ावा देने में यह मैराथन अहम भूमिका निभाएगी। सीमावर्ती गांवों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और पलायन की समस्या का समाधान होगा।
मैराथन की पांच कैटेगरी, बड़े इनाम
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि 2 नवंबर को होने वाली आदि कैलाश मैराथन में पांच श्रेणियां होंगी:
- 60 किमी (अल्ट्रा रन)
- 42 किमी (फुल मैराथन)
- 21 किमी (हाफ मैराथन)
- 10 किमी रन
- 5 किमी रन
देशभर के एथलीट इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे और विजेताओं के लिए ₹50 लाख की पुरस्कार राशि रखी गई है।
2026 में माणा-नीति घाटी में होगा अगला आयोजन
सचिव पर्यटन ने बताया कि इस मैराथन की सफलता के बाद जून 2026 में माणा-नीति घाटी में अगली मैराथन का आयोजन प्रस्तावित है, जिससे उत्तराखंड के साहसिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।
