गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर ठगी करने वाला आरोपी एसटीएफ की गिरफ्त में
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर 14.08 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोरादिया हार्दिक कुमार भगवान भाई, निवासी सूरत, गुजरात के रूप में हुई है।

फर्जी कस्टमर केयर नंबर से ठगी
आरोपी गूगल पर फर्जी बैंक कस्टमर केयर नंबर डालकर ग्राहकों को धोखा देता था।दरअसल आरोपी ग्राहकों को फोन पर खुद को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताकर झांसे में लेता था। इसके बाद वह ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के नाम पर पीड़ितों से बैंक डिटेल और ओटीपी हासिल करता और रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर लेता था।

2021 में दर्ज हुआ था केस
देहरादून निवासी पीड़ित ने 2021 में शिकायत दर्ज कराई थी। 14,08,800 की ठगी के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए तकनीकी निगरानी शुरू की।
गुजरात से आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल और डिजिटल फुटप्रिंट्स की मदद से पुलिस ने आरोपी हार्दिक कुमार को सूरत से गिरफ्तार किया। आरोपी फर्जी आईडी, अलग-अलग मोबाइल नंबर और बैंक खातों का इस्तेमाल कर पुलिस से बचता रहा।
एसटीएफ ने की जनता से अपील
एसटीएफ ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने की सलाह दी। किसी भी अनजान कॉल, लिंक या फर्जी निवेश योजना में पैसा न लगाने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 1930 पर देने की अपील की गई।
