नैनीताल में आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करती भारत सरकार की केंद्रीय टीम
नैनीताल। नैनीताल जिले में इस मानसून सीजन के दौरान हुई भारी क्षति का जायजा लेने भारत सरकार की अंतर मंत्रालीय केंद्रीय टीम मंगलवार को हल्द्वानी पहुंची। टीम ने जिले के अधिकारियों से मुलाकात कर आपदा से हुई क्षति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

443.42 करोड़ के नुकसान का खुलासा
हल्द्वानी सर्किट हाउस में हुई बैठक के दौरान जिलाधिकारी वंदना ने बताया कि मानसून सीजन में जनपद को कुल 443.42 करोड़ का नुकसान हुआ है। इसमें आपदा न्यूनीकरण मद में 285 करोड़ और विभिन्न विभागीय परिसंपत्तियों को लगभग ₹158 करोड़ का नुकसान शामिल है।

महत्वपूर्ण सड़कों पर सबसे ज्यादा असर
जिलाधिकारी ने बैठक में बताया कि हल्द्वानी-भीमताल-अल्मोड़ा सड़क मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़कें बार-बार बंद हुईं। रानीबाग मोटर पुल के पास पहाड़ कटान की गंभीर समस्या भी सामने आई, जिसका स्थायी समाधान जरूरी है।
स्थलीय निरीक्षण कर तैयार होगी रिपोर्ट
बैठक के बाद केंद्रीय टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने इंदिरा गांधी स्टेडियम गोलापार, गोला पुल, सूखी नदी और चोरगलिया क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन किया।
केंद्रीय और जिला स्तर के अधिकारी रहे मौजूद
टीम में भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के निदेशक वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय जल आयोग के अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार, निदेशक यूएलएमएमसी शांतनु सरकार शामिल रहे। जिले की ओर से प्रभागीय वनाधिकारी कुंदन कुमार, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, विवेक रॉय और एसपी प्रकाश चंद्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
