भीमताल में बर्ड फ्लू का पहला केस
नैनीताल। नैनीताल जिले के भीमताल के पांडेगांव में बर्ड फ्लू का पहला मामला सामने आया है। एक छोटे से मुर्गी बाड़े में 40 मुर्गियों की मौत के बाद पशुपालन विभाग ने सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे थे। रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही विभाग की चिंता बढ़ गई है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरेश जोशी ने बताया कि संक्रमित मुर्गीबाड़े को सैनिटाइज करा दिया गया है। साथ ही 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी मुर्गीबाड़ों में तीन महीने तक 15-15 दिन में सैंपल लेकर जांच की जाएगी।
बता दें कि ऊधमसिंह नगर और यूपी में पहले ही बर्ड फ्लू के केस आने के बाद इन इलाकों से पोल्ट्री उत्पादों की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई गई थी। अब भीमताल में केस मिलने के बाद विभाग ने निगरानी और सख्त कर दी है। किसी भी मुर्गी की असामान्य मौत की सूचना तुरंत पशुपालन विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।

