हरीश रावत ने चुटकी लेते हुए साधा सरकार पर निशाना
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा विधायकों का मुख्यमंत्री से लगातार मुलाकात करना राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर रहा है। इसी से प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं फिर से तेज़ हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि पितृपक्ष के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।

हरीश रावत का तंज
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कैबिनेट विस्तार को लेकर सत्तापक्ष पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक कुशल राजनीतिज्ञ हैं और जानते हैं कि “जैसे ही अंगूर का गुच्छा दावेदारों के मुंह में गिराया जाएगा, वे सरकार की जड़ें खोदने लगेंगे और स्थिरता खत्म हो जाएगी।”

“संगठन के पद पहले बांटेंगे”
रावत ने कहा कि सरकार पहले संगठनात्मक पदों का बंटवारा करेगी, उसके बाद ही कैबिनेट विस्तार की ओर बढ़ा जाएगा। इसलिए इसमें समय लगना तय है।
“मुख्यमंत्री टालने में माहिर”
हरीश रावत ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री कभी भी एक झटके में कोई काम नहीं करते। वे “हां” तो कह देते हैं लेकिन लंबे समय तक फैसले टालते रहते हैं। रावत ने व्यंग्य में कहा कि विधायकों को भी इसी काम में लगा दिया गया है कि वे इंतजार करते रहें, लेकिन असल में काम होंगे नहीं।
