रुद्रप्रयाग में आपदा का तांडव
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं। नदियों के उफान और जगह-जगह भूस्खलन से आपदा का खतरा बढ़ गया है। इस बीच जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला आपदा कंट्रोल रूम में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जहाँ सभी जिलास्तरीय अधिकारी परस्पर समन्वय के साथ हालात पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।

सड़क मार्ग बाधित, टीमों की तैनाती
बारिश और भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाई की सड़कों पर यातायात अवरुद्ध हो गया है। इन मार्गों को खोलने के लिए अलग-अलग टीमों को मौके पर भेजा गया है। वहीं प्रभावित क्षेत्रों तक पहुँचने के लिए प्रशासन वैकल्पिक मार्गों की पहचान कर राहत एवं बचाव दलों को रवाना कर रहा है।

प्रभावित गांवों में तुरंत कार्रवाई
आपदा की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने विभिन्न अधिकारियों को संबंधित राजस्व निरीक्षकों और स्थानीय कार्मिकों के साथ प्रभावित गांवों में भेज दिया है, ताकि तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। साथ ही प्रभावित इलाकों में पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क कर रहा है।
