आज रात से फिर शुरू होगा तेज बारिश का खतरा
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 अगस्त की रात से प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है। खासकर पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

29 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। 30 और 31 अगस्त को भी प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार रात में हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं और लैंडस्लाइड का खतरा और बढ़ सकता है।
प्रशासन ने लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी लें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतें।

